डिग्री और ताने: एक बेरोजगार युवा की दास्तान

​डिग्री और ताने: एक बेरोजगार युवा की दास्तान - इस इमेज में एक निराश युवा बेंच पर हाथ में यूनिवर्सिटी की डिग्री और केले लिए बैठा है, जबकि पृष्ठभूमि में ग्रामीण ताने देते हुए नजर आ रहे हैं। यह सेन सारथी ब्लॉग की सामाजिक कहानी का दृश्य है।

 रोजगार के अभाव में इंसान की आत्मा पर जो बीतती है, उसे शब्दों में पिरोना आसान नहीं होता, लेकिन जब एक मेधावी विद्यार्थी की योग्यता और उसके संघर्ष को समाज के ताने नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं, तब वह पीड़ा केवल मन तक सीमित नहीं रहती बल्कि दिल के हर कोने को छलनी कर देती है। बचपन से लेकर युवावस्था तक, पढ़ाई में हर कदम पर अव्वल रहने की तारीफें सुनने की आदत थी। स्कूल में, ट्यूशन में हमेशा मेरिट और पढ़ाई की चर्चाओं का केंद्र रहा। गांव की मिट्टी में पलते हुए, अपनी मर्यादाओं और संसाधनों की सीमाओं में बंधकर भी यही सीखा था कि किताबें ही तकदीर बदल सकती हैं। घर में चार सदस्यों का परिवार था—मैं, मेरी छोटी बहन, मां और दादाजी गांव के घर में रहते थे, जबकि पिताजी परदेस में एक छोटी सी प्राइवेट नौकरी करके हम सबका पेट पालते थे। मैं परिवार का सबसे बड़ा बेटा था, सीधा-साधा, अपनी ही किताबों की दुनिया में खोया रहने वाला पढ़ाकू इंसान।

साधनहीनता के उस दौर में, जहां मेरे पास महंगे कॉन्वेंट या सीबीएसई स्कूलों की लग्जरी नहीं थी, मैं एक साधारण से सरकारी स्कूल का छात्र था। हमारे पास न तो बड़े संसाधनों की चमक थी और न ही कोई हाई-फाई कोचिंग का सहारा, बस किताबों के पन्ने और खुद पर अटूट विश्वास था। हमारे दोस्त बहुत कम थे, मगर जो भी थे, वे अपने आप में पूरी दुनिया थे।

मेरा पहला दोस्त था किशन। उसके पापा का बाइक का शोरूम था और वह शहर के एक महंगे प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था। किशन मेरा पड़ोसी था, इसलिए स्कूल से लौटने के बाद का जितना भी समय बचता, वह मेरे साथ ही बिताने आ जाता। मैं अपनी पढ़ाई पर इतना केंद्रित रहता कि किशन को बहुत ज्यादा समय नहीं दे पाता था, पर जितना भी वक्त मिलता, हम आपस में बातें कर लिया करते थे। किशन पढ़ाई में बहुत खास नहीं था, पर उसके सिर पर पारिवारिक बिजनेस की एक पक्की छाया थी, जिसने उसे शुरू से ही एक रोजगारयुक्त दिशा दे रखी थी।
मेरा दूसरा दोस्त था अमर। वह पढ़ाई में बेहद तेज था और मेरा पड़ोसी भी था। अमर से मेरा एक खास लगाव था क्योंकि हम दोनों एक-दूसरे से सवाल-जवाब करते, पढ़ाई में एक-दूसरे का सहारा बनते और आगे बढ़ने का सपना देखते थे। उसने बारहवीं तक की पढ़ाई सीबीएसई पैटर्न से की थी। स्कूल का सफर पूरा हुआ, फिर कॉलेज और आखिरकार हम तीनों ने एक ही यूनिवर्सिटी में दाखिला ले लिया।

यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करते ही तकदीर के पन्ने अचानक तेजी से पलटने लगे। अमर ने एयरफोर्स की क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा दी और वह अकाउंट्स असिस्टेंट के पद पर सरकारी नौकरी पा गया। उधर किशन पढ़ाई पूरी करके सीधा अपने पिता के बाइक शोरूम में बैठ गया और वहां का पूरा काम संभालने लगा। अब तीन दोस्तों के उस त्रिकोण में अकेला मैं बच गया—यूनिवर्सिटी की डिग्री हाथ में लिए, पढ़ा-लिखा लेकिन पूरी तरह बेरोजगार। और यहीं से शुरू हुआ मेरे जीवन में उन कड़वे तानों का कभी न खत्म होने वाला सफर।

यूनिवर्सिटी पास करने के बाद जब मैं गांव या मोहल्ले की गलियों से गुजरता, तो लोगों की नजरें पूरी तरह बदल चुकी होती थीं। उनकी निगाहों में एक अजीब सा व्यंग्य और बेरुखी होती, जैसे मेरे रहने-खाने का सारा खर्च उनके घर के राशन से ही चल रहा हो। जब भी किसी पड़ोसी के दरवाजे के सामने से गुजरता, तो ताने हवा में तैरने लगते—"देखो, देखो! हमारे कलेक्टर बाबू आ गए!" फिर उसी बात में सुर मिलाते हुए कोई दूसरी महिला हंसकर कह देती—"अरे भाई, थोड़ा साइड हो जाओ, साहब के लिए रास्ता साफ कर दो।" यह सब सुनना दिल पर किसी तीखे वार की तरह लगता था। धीरे-धीरे मैंने उन गलियों से गुजरना ही बंद कर दिया।

अब उम्र के उस पड़ाव पर समाज और परिवार को केवल स्कूली शिक्षा की मार्कशीट से मतलब नहीं था, बल्कि वे हाथ बंटाने की उम्मीद करते थे। गांव-समाज में किसी की बेटी की शादी हो, मुंडन का कार्यक्रम हो, या किसी की तबीयत खराब हो जाए—हर छोटी-बड़ी बात में थोड़े सहयोग की जरूरत होती है। मैं खुद भी अपने मन के भीतर इस बात को बेहद गहराई से महसूस करता था कि मेरी बेरोजगारी के कारण मैं किसी के काम नहीं आ पा रहा हूँ। यह सोच अपनी जगह सही थी, लेकिन किसी की उम्मीदों पर खरा न उतर पाने की आत्मग्लानि पड़ोसी के तानों से भी ज्यादा मेरे अपने मन को भीतर ही भीतर छलनी कर देती थी।
एक दिन मेरे दोस्त किशन को गांव के ही एक प्रतिष्ठित परिवार से शादी का निमंत्रण मिला। किशन मेरे पास आया और बड़े अपनेपन से बोला, "चल संजय, हमारे गांव के ही एक घर से शादी का कार्ड आया है। बिजनेस के चक्कर में हम दोनों आजकल ठीक से बैठ भी नहीं पाते, तो चलो इसी बहाने साथ रहेंगे, कुछ बातें हो जाएंगी। वैसे भी मेरे घर से शादी में सिर्फ मैं ही जा रहा हूँ।"

दोस्त के साथ वक्त बिताने और बातें करने का मौका तो लुभावना था, लेकिन बिना बुलावे के किसी के घर शादी में जाना मेरे स्वाभिमान को स्वीकार नहीं था। मैंने साफ मना कर दिया। मेरी इस ना से किशन का दिल छोटा हो गया। वह थोड़ा रुठकर बोला, "अगर तुम नहीं चलोगे, तो रहने दो, मुझे भी नहीं जाना।" ऐसा कहकर वह मुंह फेरकर अपने घर की तरफ जाने लगा। मैंने बिना एक पल गंवाए झट से उसका हाथ थाम लिया और हंसते हुए कहा, "चलो किशन!" फिर क्या था, दो पुराने दोस्तों के एक साथ होने की खुशी चेहरे पर छलक आई और हम दोनों तैयार होकर शादी वाले घर की ओर निकल पड़े।

गांव के उस शादी वाले माहौल में हमने खूब मौज-मस्ती की। लड़की वालों के घर के हर काम में हम दोनों दोस्तों ने जमकर हाथ बटाया। मड़वा यानी शादी का मंडप सजाने से लेकर, जहां कहीं भी किसी सामान की जरूरत होती, सब कुछ मिलकर पूरा कराया। घर के बड़े-बुजुर्गों ने भी हमारा बहुत आदर-सत्कार किया और हमें खूब मिठाइयां खिलाईं।

तभी किशन के फोन की घंटी बजी और वह बात करते-करते छत की तरफ चला गया। मैं अकेला नीचे एक कुर्सी पर बैठकर अपने मोबाइल से शादी के पंडाल की कुछ अच्छी तस्वीरें खींचने लगा। तभी मेरे सामने से गांव की कुछ परिचित महिलाएं गुजरीं। मुझे अकेला बैठा देख उन्होंने मुंह बनाते हुए ऐसे कड़वे शब्द कहे, जिन्होंने मेरी पूरी आत्मा को झकझोर कर रख दिया।

उनका ताना था—"आइए बीए पास, धड़ो खुर्पी गढ़ो घास!"
देहात की लोकल भाषा में बोले गए इस वाक्य का सीधा सा मतलब यही था कि इंटरमीडिएट (आर्ट्स) और बीए की पढ़ाई करने के बाद भी हाथ में खुर्पी लेकर खेत में घास काटने की ही औकात रह गई है। हालांकि मैंने बारहवीं और यूनिवर्सिटी में आर्ट्स नहीं बल्कि साइंस लिया था, लेकिन गांव-देहात में बेरोजगारी का मज़ाक उड़ाने के लिए यह कहावत पुरानी और बेहद प्रचलित थी।

वह बात सुनते ही मैं सन्न रह गया। मुझे अचानक किशन का बचपन याद आ गया। वह बचपन से ही अपने पारिवारिक बिजनेस का माहौल देखता आया था। उसके पास पैसों की कोई कमी नहीं थी, रास्ते में चलते हुए हर परिचित आदमी उससे रुककर बातें करता था, उसके कई दोस्त थे। जब भी किसी को जरूरत होती, किशन या उसके पिता तुरंत आर्थिक मदद कर देते थे। इसलिए समाज में उसकी एक अलग पहचान थी, उसका सम्मान और पूछ थी। जबकि मैं? मैं तो कल भी एक बेरोजगार छात्र था और आज भी वही था।

मेरे माता-पिता ने यही सोचा था कि बेटा पढ़-लिख जाएगा तो उसे सरकारी नौकरी मिल जाएगी। मेरी भी यही सोच थी कि किताबों, सिलेबस और स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई के दम पर एक अच्छी-खासी नौकरी हासिल हो जाएगी। लेकिन असल जिंदगी में कदम रखते ही समझ आया कि यह दुनिया केवल किताबों के सिलेबस से नहीं चलती, उसे स्किल्स और हुनर की जरूरत होती है। मैं वहां बैठकर खुद की किस्मत को भी कोस रहा था और उन महिलाओं के तानों पर मन ही मन कुढ़ भी रहा था।

तभी किशन छत से नीचे आ गया। मैंने जल्दी से खुद को संभाला, चेहरे पर एक झूठी सहजता लाई और हम दोनों खाना खाने बैठ गए। भरपेट खाना खाने के बाद, लड़की वालों से विदा लेकर हम दोनों अपने-अपने घर लौट आए। किशन सचमुच एक बहुत अच्छा दोस्त था, उसके दिल में मेरे लिए कोई शिकवा-शिकायत नहीं थी। जब भी उसे फुर्सत मिलती, वह मुझसे मिलने चला आता था।

यूनिवर्सिटी खत्म होने के बाद भी मेरी सरकारी नौकरी की तैयारियां जारी थीं। लेकिन हमारी शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत यह थी कि किसी परीक्षा में अगर 10,000 सीटें होतीं, तो 10 लाख उम्मीदवार फॉर्म भर देते थे। मुझे इस भीड़ से कोई शिकायत नहीं थी, पर यह सोचकर मन दहल जाता था कि मेरे जैसे न जाने कितने ही नौजवान इस देश में बेरोजगारी की आग में झुलस रहे हैं, जिन्हें एक नौकरी की सख्त जरूरत है।

मैंने हिम्मत करके कई प्राइवेट कंपनियों में भी इंटरव्यू दिए, लेकिन हर जगह से असफलता ही हाथ लगी। वजह साफ थी—मैंने अपनी किताबों का सिलेबस तो रट लिया था, लेकिन आज के दौर की सबसे बड़ी मांग, यानी कंप्यूटर नॉलेज और टेक्निकल स्किल्स मेरे पास नहीं थीं। मैं तो सरकारी स्कूल के भरोसे पढ़ा था, जहां ऐसी कोई व्यावहारिक ट्रेनिंग कभी दी ही नहीं गई। न तो मुझे गाना गाना आता था, न किसी डांस प्रोग्राम में हिस्सा लेना। मैं तो बस सिलेबस के पन्नों को रट-रटकर एक पढ़ाकू तोता बन गया था। गणित के बड़े से बड़े सवाल मैं चुटकियों में हल कर देता था, लेकिन स्कूल में कभी किसी खेल या व्यावहारिक विधा की ट्रेनिंग नहीं मिली। अगर इतनी सी भी कोई स्किल सिखा दी गई होती, तो सरकारी नौकरी न मिलने की सूरत में मैं किसी प्राइवेट कंपनी में एक सम्मानजनक जॉब कर पाता।

कभी-कभी सोचता हूँ कि क्या सरकारी स्कूलों में पढ़ने का मतलब यह मान लिया जाए कि सरकार हर बच्चे को सरकारी नौकरी की पक्की गारंटी देती है? अगर सरकार के पास सभी के लिए सीटें उपलब्ध नहीं हैं, तो फिर सालों-साल पढ़ाई में अपना जीवन खपाने वाले बच्चों को प्राइवेट नौकरियों के लायक बनाने के लिए स्किल्स डेवलपमेंट पर काम क्यों नहीं किया जाता? क्या किसी छात्र के समय की कोई कीमत नहीं है, जिसे वर्षों की पढ़ाई के बाद केवल कागज का एक टुकड़ा यानी डिग्री थमा दी जाती है? मैं भी उन्हीं बदकिस्मत छात्रों में से एक था—न मेरे पास सरकारी नौकरी की सीट थी, न प्राइवेट कंपनी के लायक टेक्निकल स्किल, और न ही मेरा शरीर इतना सख्त था कि मैं भारी वजन उठाकर मजदूरी कर सकूं। अगर बचपन से मजदूरी की होती, तो शरीर ढल गया होता, लेकिन अब तो शरीर और मन दोनों ही इस बात की गवाही नहीं देते थे। और अगर मजदूरी ही करनी पड़ती, तो लोग फिर ताना मारते कि जब यही काम करना था तो इतने सालों तक पढ़ाई में समय क्यों बर्बाद किया?

इन्हीं मानसिक उलझनों के बीच एक दिन मेरे दोस्त अमर का फोन आया। उसे दिवाली की छुट्टियां मिल रही थीं और वह गांव आ रहा था। उसके आने की खबर से मैं खुश तो था, लेकिन मन के एक कोने में एक अजीब सा डर भी था—न जाने अब अमर के साथ घूमने पर लोगों के कौन-कौन से नए ताने सहने पड़ेंगे।

दीवाली का त्यौहार आया और अमर सीधे मेरे घर पधारे, हाथ में मिठाई का डिब्बा लिए। उसके आने से मेरे घर का हर सदस्य खुश था, सिवाय मेरे पिता के। अमर को देखते ही मेरे पिताजी के मुंह से कुछ बुदबुदाते हुए शब्द निकले—"मेरा बेटा तो अगले जन्म में बहुत बड़ा अफसर बनेगा, इस जन्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद!"

यह सुनते ही घर के बाकी लोग तो इसे मजाक समझकर हंसते-हंसते लोटपोट हो गए, लेकिन मेरे लिए पिताजी के वे शब्द किसी जहरीले तीर की तरह सीधे दिल में जा धंसे। अब तक तो बाहर वाले ताने दे रहे थे, पर आज बेरोजगारी का वह धमाका मेरे अपने घर के भीतर हुआ था। मैं अपना मुंह बनाकर वहां से उठकर बाहर निकल गया।

अमर ने तुरंत मेरे पापा को समझाया, "चाचा जी, ऐसे मत कहिए। इसमें संजय की कोई गलती नहीं है, वह बहुत मेहनत कर रहा है। पढ़ाई में वह हमेशा से बहुत अच्छा रहा है। बस बात यह है कि किताबों के दम पर प्राइवेट नौकरी पाने के लिए भी टेक्निकल स्किल्स की जरूरत होती है और उसके लिए एक बजट चाहिए होता है।"

फिर अमर बाहर मेरे पास आया, मेरे कंधे पर हाथ रखा और बोला, "दोस्त, पापा की बातों को दिल से मत लगा। जिस दिन तेरी नौकरी लग जाएगी, आज जो पराए दिख रहे हैं, वे सब अपने बन जाएंगे। बस तू अपनी मेहनत जारी रख।" मैंने चुपचाप हां में सिर हिला दिया। फिर हम दोनों ने साथ में खाना खाया और वह अपने घर चला गया।

अगली सुबह जब मेरी आंख खुली, तो मैंने सोचा कि अमर के घर जाकर उससे मिला जाए। रास्ते में मैंने आधा दर्जन केले खरीद लिए, ताकि दोनों दोस्त साथ बैठकर नाश्ता कर सकें। जैसे ही मैं अमर के घर के मुख्य गेट पर पहुंचा, अमर की दादी ने घर के भीतर मुंह करके जोर से आवाज़ लगाई—"अरे सुनते हो! देखो-देखो, आज संजय आया है अपनी पहली कमाई का तोहफा लेकर!"

दादी के वे शब्द सुनते ही मेरा पूरा शरीर जम सा गया। मैं तो पहले से ही इस डर से धीरे-धीरे कदम बढ़ा रहा था कि कोई कुछ बोल न दे, और वही हुआ। आवाज़ सुनते ही अमर बाहर भागा और अपनी दादी पर बिगड़ते हुए बोला, "दादी, यह क्या बात हुई? तुम किसी का भी मजाक उड़ाने लगती हो! तुम्हें कोई और काम नहीं है क्या?"

फिर अमर ने मेरे हाथ से केले लिए, मेरा हाथ पकड़ा और सीधे अपने गेस्ट रूम में ले गया। वहां बैठकर हमने आराम से बातें करते हुए केले खाए और फिर टॉकीज जाकर सिनेमा देखने का प्लान बनाया।

सिनेमा देखकर जब हम दोनों पैदल घर लौट रहे थे, तो रास्ते में बचपन की यादें ताजा हो गईं। हम बातें करने लगे कि कैसे स्कूल के दिनों में हम अंग्रेजी सीखने के लिए आपस में अंग्रेजी में ही सवाल-जवाब किया करते थे। बातों-बातों में हम दोनों फिर से रास्ते में अंग्रेजी में बातें करने लगे।
अभी हम पड़ोस के एक घर के सामने से गुजर ही रहे थे कि वहां खड़ी एक चाची ने दूसरी महिला से कहा, "अमर अंग्रेजी में बोल रहा है, वह तो समझ में आता है। उसे बड़े-बड़े लोगों से निपटना पड़ता है, नौकरी में अंग्रेजी की जरूरत होती है। पर इस संजय को कौन सी जरूरत पड़ गई है? लगता है कौवे ने मोर का पंख लगा लिया है, या फिर हमारे गांव में कोई अंग्रेजी तोता आ गया है!"

उस दिन अमर को भी बहुत तेज गुस्सा आया, पर वह गांव के लोगों को क्या कहता और किस-किस का मुंह बंद कराता? उसने अपने गुस्से को दबाया। घर पहुंचते ही अमर ने बड़े प्यार से मुझसे कहा, "दोस्त, तू कोई छोटा-मोटा बिजनेस शुरू कर ले। उसके लिए जितने पैसों की जरूरत होगी, मैं दूंगा। पैसों की चिंता बिल्कुल मत कर।"

लेकिन मैंने विनम्रता से मना कर दिया। किसी दोस्त से पैसों की मदद लेकर काम शुरू करना मेरे आत्मसम्मान को गवाही नहीं दे रहा था। अमर ने यह प्रस्ताव मेरे घरवालों के सामने भी रखा। मेरे घरवाले तुरंत राजी हो गए। मां मेरे पास आकर बोलने लगी, "अमर सही तो कह रहा है, इससे पैसे लेकर कोई काम शुरू कर ले, बाद में धीरे-धीरे चुका देना।"
मेरे साफ मना करने पर पिताजी का सब्र टूट गया और वे वहीं चिल्ला पड़े, "यह पढ़ाई के नाम पर एक नंबर का निकम्मा बन गया है! इसकी काम करने की कोई नियत ही नहीं है, बस घर बैठकर मुफ्त की रोटियां तोड़ना चाहता है!"

दादाजी ने पिताजी को डांटकर शांत कराया। अमर अपनी जगह से उठा और बड़ी नम्रता से बोला, "चाचा जी, मैंने तो सिर्फ एक सुझाव दिया है, इसे सोचने का थोड़ा मौका दीजिए।" फिर उसने मेरी पीठ पर हाथ फेरा और कहा, "अच्छा संजय, मैं थोड़ी देर में आता हूँ।"
अमर तो चला गया, लेकिन पिताजी के वे कड़वे शब्द मेरे कानों में बार-बार गूंजने लगे। उस रात मैंने खुद से एक पक्का वादा किया—'बस, बहुत हो गया! आज के बाद मैं किसी के मुंह से बेरोजगारी का डंक नहीं सहूंगा।'

उसी हफ्ते मैंने गांव से थोड़ी दूर शहर के एक प्राइवेट स्कूल में इंटरव्यू दिया और एक शिक्षक के रूप में मेरी नौकरी पक्की हो गई। हालांकि शुरुआती सफर आसान नहीं था; वहां की सैलरी इतनी कम थी कि उससे मेरा खुद का खर्च भी बमुश्किल निकल पाता था, परिवार की जरूरतें पूरी करना तो बहुत दूर की बात थी। मैंने हार नहीं मानी और इसी दौरान अपनी मेहनत जारी रखते हुए अपना डी.एल.एड. कोर्स भी पूरा किया। हालांकि अपनी छोटी सैलरी से मैंने खुद के लिए कुछ पैसे जरूर जमा किए, लेकिन घर की बड़ी जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने लायक वह कमाई काफी नहीं थी। मैंने उस स्कूल में लगभग ढाई वर्ष तक काम किया, लेकिन जब मुझे महसूस हुआ कि इस सीमित दायरे से हालात नहीं बदलेंगे, तो मैंने वह स्कूल छोड़ दिया और पूरी तरह से खुद का ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया।

मैंने ट्यूशन को ही अपनी फुल-टाइम प्राइवेट नौकरी बना लिया। सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और शाम 5 बजे से 7 बजे तक स्कूल के बच्चों को पढ़ाता। जो कॉलेज के छात्र 2 बजे फ्री होकर आते, उनके लिए दोपहर 2 बजे से 5 बजे का स्लॉट तय कर दिया। ट्यूशन से जो पहली कमाई हुई, उससे मैंने सबसे पहले अपने बजट के हिसाब से एक अलग कमरा किराए पर लिया। घर के तानों के माहौल से दूर रहकर मैंने पूरी निष्ठा के साथ अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया। कुछ सालों तक अपनी हर बचत को अपने ही इस कोचिंग के काम में लगाया।

कड़ी मेहनत और समर्पण का फल यह मिला कि आज मेरे पास केवल ट्यूशन और कोचिंग ही नहीं, बल्कि सीबीएसई पैटर्न का अपना एक प्राइवेट स्कूल भी है। मैंने खुद को समय के साथ ढाला और अपने स्कूल में बच्चों के लिए वे तमाम स्पोर्ट्स, कंप्यूटर लैब्स और प्रैक्टिकल स्किल्स की सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जिनकी कमी का मलाल मुझे अपनी पूरी जिंदगी रहा था।

आज मेरा परिवार, मेरे माता-पिता और वे ताने मारने वाले पड़ोसी भी बहुत खुश और सम्मानित महसूस करते हैं, क्योंकि मैं बहुत ही कम फीस में गांव के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में योगदान दे रहा हूँ। अब मेरे सिर पर बेरोजगारी का कोई कलंक नहीं है। जब मेरे दोस्तों किशन और अमर को मेरी इस सफलता का पता चला, तो वे बेहद खुश हुए और उन्होंने दिल से मुझे बधाई दी।

यह कहानी केवल मेरी नहीं, बल्कि हमारे समाज के उस कड़वे सच को उजागर करती है जहां डिग्रियों के ढेर तो हैं, लेकिन व्यावहारिक हुनर और रोजगार के अवसरों का अकाल है। लेकिन यहाँ एक बड़ा सवाल यह खड़ा होता है—क्या हर उस स्टूडेंट को टीचिंग (शिक्षण) के क्षेत्र में ही जाना पड़ेगा, जिसे पढ़ाना पसंद नहीं है या जिसकी टीचिंग में कोई रुचि नहीं है?

हमारी मौजूदा शिक्षा प्रणाली की सबसे बड़ी त्रासदी यही है कि जब एक युवा सालों की मेहनत के बाद डिग्री हासिल कर बाहर निकलता है और उसे उसकी रुचि या विषय के अनुसार रोजगार नहीं मिलता, तो उसके सामने विकल्प सीमित हो जाते हैं। अगर किसी छात्र की रुचि कोडिंग, डिजाइनिंग, बिजनेस, मैकेनिकल्स या आर्ट्स में है, तो केवल जीवन यापन करने के लिए उसे अपनी पसंद के विपरीत किसी ऐसे काम में उतरना पड़ता है जिसके लिए वह बना ही नहीं था।

जब तक हमारे स्कूल और कॉलेज केवल थ्योरी रटाकर डिग्रियां बांटते रहेंगे और बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार 'प्रैक्टिकल स्किल्स' और 'इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग' नहीं देंगे, तब तक नौजवानों को अपनी पसंद के रास्ते छोड़कर सिर्फ मजबूरी के रास्ते चुनने पड़ेंगे। सरकार और शिक्षा नीति निर्माताओं को इस दिशा में ठोस कदम उठाने ही होंगे, ताकि हर छात्र को अपनी रुचि के क्षेत्र में ही रोजगार और सम्मान मिल सके, न कि उसे मजबूरी में ऐसा रास्ता चुनना पड़े जिससे उसका मन कभी जुड़ा ही न था।

प्रस्तुतीकरण:

सेन सारथी टीम (The Sen Saarthi Team)



इस कड़ी का:

डिग्री हाथ में, काम शून्य: बेरोजगारी का कड़वा सच!(बेरोजगारी भाग-1)



इसे भी पढ़ें

तकदीर का थप्पड़ या समय का पाठ? (भाग 1)

किताबों से मज़दूरी तक: जीवन की सीख देने वाली कहानी

परदेस का सफर: जब बीच रास्ते छूटा अपनों का हाथ

स्मृतियों के झरोखे से: भाई रामलखन और वो आत्मीय संबंध






Disclaimer (अस्वीकरण):

यह कहानी ‘डिग्री और ताने: एक बेरोजगार युवा की दास्तान’ पूरी तरह से एक काल्पनिक रचना है, जिसका उद्देश्य किसी भी विशेष व्यक्ति, परिवार, समाज, संस्थान या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाना नहीं है। इस कथा के पात्र, घटनाएँ और प्रसंग हमारे समाज की उस व्यापक और ज्वलंत सच्चाई को दर्शाने के लिए गढ़े गए हैं, जिससे आज का युवा वर्ग अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद दो-चार होता है।

यह कहानी किसी पर उंगली उठाने या किसी का उपहास उड़ाने के लिए नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक दृष्टिकोण और मौजूदा शिक्षा प्रणाली पर एक संवेदनशील और आत्ममंथन करने वाली दृष्टि डालने का प्रयास है।

  पाठकों के लिए एक संदेश:

  जीवन की किसी भी असफलता या समाज के तानों को अपनी कमजोरी मत बनने दीजिए। डिग्रियाँ केवल किताबी ज्ञान का प्रमाण होती हैं, लेकिन असली ताकत आपके भीतर छिपे हुए हुनर, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की ललक में होती है। यदि रास्ता कठिन है, तो इसका अर्थ यह नहीं कि मंजिल नहीं मिलेगी। अपनी मेहनत पर भरोसा रखिए, क्योंकि एक दिन आपकी लगन और प्रयास ही आपके आलोचकों को सबसे बेहतरीन जवाब देंगे।

© 2026 Sen Saarthi. All Rights Reserved.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सेन समाज: परिचय, इतिहास और शिक्षा

सामाजिक चेतना: भाग-2 | एकता की पुकार और बिखराव का दर्द

मेरे नजरिए से रामलखन जी: सुनील ठाकुर की कलम से एक गौरवगाथा (भाग 1)